M.P.-हवा का रुख उत्तरी हुआ,लुढ़केगा तापमान-फ‍िर बदलेगा मौसम!

MP Weather Update: हवा का रुख उत्तरी हुआ, लुढ़केगा तापमान, जानिये कब से फ‍िर बदलेगा मौसम
मौसम विज्ञानियों के अनुसार अभी दो दिन तक तापमान में गिरावट का सिलसिला बना रहने की संभावना है।

भोपाल उत्तर भारत के आसपास बना पश्चिमी विक्षोभ समाप्त हो गया है। उसके प्रभाव से राजस्थान पर बना प्रति चक्रवात भी समाप्त हो गया। इसके अलावा विदर्भ पर बना प्रति चक्रवात भी कमजोर पड़ गया है। इस वजह से हवाओं का रुख उत्तरी हो गया है, जिससे प्रदेश के तापमान में गिरावट होने लगी है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार अभी दो दिन तक तापमान में गिरावट का सिलसिला बना रहने की संभावना है। उधर, मंगलवार को प्रदेश में सबसे कम 8.6 डिग्री सेल्सियस तापमान मलाजखंड में दर्ज किया गया।

सोमवार-मंगलवार को प्रदेश के सभी संभागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। मंगलवार को न्यूनतम तापमान में सभी संभागों में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान ग्वालियर और सागर संभाग में सामान्य से अधिक एवं शेष संभागों में सामान्य रहे।
मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि उत्तर भारत के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में बना हुआ था। उसके प्रभाव से राजस्थान पर एक प्रति चक्रवात के बनने से हवा का रुख उत्तर-पूर्वी हो गया था। इस वजह से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी थी।

मंगलवार को इन दोनों मौसम प्रणालियों के समाप्त होने के साथ हवा का रुख फिर उत्तरी हो गया है। उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं से तापमान में गिरावट होने लगी है। 10 फरवरी तक तापमान में गिरावट का सिलसिला बना रहेगा। उसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में फिर बढ़ोतरी होने लगेगी 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *