धेमाजी में बाढ़ से लोग बदहाल, खतरे के निशान से ऊपर बह रही ब्रह्मपुत्र नदी
असम के धेमाजी में बाढ़ से बिगड़े हालात असम में बाढ़ से कई जिले हुए प्रभावित 18 हजार से अधिक लोग प्रभावित कई हेक्टेयर फसल बर्बाद मंत्री पीयूष हजारिका ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा
असम: गौरतलब है कि प्रदेश के धेमाजी जिले में बाढ़ की वजह से हालात बिगड़ गए है। स्थिति काफी गंभीर हो गई है।
बीते कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण ब्रह्मपुत्र नदी समेत कई नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदियों का पानी लगातार बढ़ने से असम के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। इसके अलावा कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ का पानी सिलापाथर मॉडल अस्पताल के परिसर में भी घुस गया है। इस वजह से मरीजों और अस्पताल के कर्मचारियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार बाढ़ के चलते लगभग 18,000 लोग प्रभावित बताये जा रहे हैं। साथ ही जिले के 48 गांव भी बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। बताया जा रहा है कि 530.07 हेक्टेयर फसल भी बर्बाद हो गई है।
ब्रह्मपुत्र नदी सहित कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। ब्रह्मपुत्र नदी खतरें के निशान से ऊपर बह रही है। बाढ़ के वर्तमान हालातों से छह जिलों और एक राज्य उप-मंडल में लगभग 30,000 लोग प्रभावित हुए हैं और बाढ़ के पानी में 1263.07 हेक्टेयर फसल भूमि डूब गई है। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित जिलों में 24,261 घरेलू जानवर और पशु भी प्रभावित हुए हैं।
इसके अलावा डिकारी नदी में आई बाढ़ ने जामुगुरी, सियारी, उलुवानी और ताटीगुड़ी सहित कई गांवों को डुबा दिया है और हजारों ग्रामीण भी बाढ़ के कारण बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं।
मंत्री पीयूष हजारिका ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा:
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, गोगामुख राजस्व सर्कल क्षेत्र में लगभग 8,000 लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि सिसोबोरगांव राजस्व सर्कल क्षेत्र में 7,400 लोग प्रभावित हुए हैं। इससे पहले शनिवार को असम के जल संसाधन विभाग के मंत्री पीयूष हजारिका ने धेमाजी जिले का दौरा किया और जियाधल नदी और गाई नदी तटबंधों का भी निरीक्षण किया।