
रिटायर्ड महिला कैप्टन को दो लाख की चपत:कंपनी सर्वर डाउन का झांसा दिया, ठग कर्मचारी ने पैसे अपने खाते में डलवाए
ग्वालियर में पॉलिसी जमा कराने के रुपए लेकर एक इंश्योरेंस कंपनी के कर्मचारी ने रिटायर्ड महिला कैप्टन को दो लाख की चपत लगा दी। एक लाख रुपए तो उसने पॉलिसी के लिए जमा कराने के नाम पर लिए और 95 हजार रुपए का नुकसान एक अन्य पॉलिसी को सरेण्डर करने पर हुआ। घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सी 67 गोविन्दपुरी की है। घटना का पता चलते ही पीडि़ता थाने पहुंची और मामले की शिकायत की। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।ग्वालियर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सी ब्लॉक 67 गोविन्दपुरी निवासी मौसमी मुखर्जी पत्नी अभिषेक राणा आर्मी से रिटायर्ड कैप्टन है और कुछ समय पूर्व उन्होंने मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में कुछ पॉलिसी की थी, जिसके बाद से उनके यहां पर कंपनी कर्मचारी अर्पित सक्सैना निवासी माधव नगर का आना जाना हो गया। अर्पित ने खुद को रिलेशनशिप मैनेजर बताया था। अप्रैल 2022 में अर्पित उनके घर आया और बताया कि कंपनी का सर्वर डाउन चल रहा है और किश्त के पैसे उसके खाते में ट्रांसफर करा दें तो वह उनके खाते में जमा करा देगा। उस पर विश्वास होने के कारण रुपए उसके खाते में ट्रांसफर करा दिए।सितम्बर 2022 में कंपनी के कर्र्मचारी उनके घर पर आए और बताया कि काफी समय से उनकी किश्त जमा नहीं हो रही है और आपका नंबर हर बार आपके पति रिसीव कर रहे हैं और सही जानकारी नहीं दी जाती है। जब नंबर की जानकारी की तो पता चला कि वह नंबर तो अर्पित का है और अर्पित के बारे में पता चला कि वह तो मई 2022 में ही जॉब छोड़ चुका है। धोखाधड़ी का पता चलते ही पीडि़ता थाने पहुंची और मामले की शिकायत की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
विश्वविद्यालय थाना प्रभारी मनीष धाकड़ ने बताया कि पीडि़त महिला की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।